क्या देश के लिए 13 साल खेल चुके प्लेयर को फेयरवेल का भी हक नहीं?
| Virendra SehWag. Indian CriCketer |
हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने
वाले वीरेंद्र सहवाग ने फेयरवेल मैच खेलने का मौका नहीं मिल पाने पर अफसोस
जताया है। इमोशनल हुए सहवाग ने कहा है- ‘मैं यह पूछना चाहूंगा कि क्या देश
के लिए 12-13 साल खेल चुके किसी प्लेयर को फेयरवेल मैच का मौका मिलने का भी
हक नहीं है?’ बता दें कि सहवाग ने 20 अक्टूबर को अपने 37वें बर्थडे पर
इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था । वे अब आईपीएल भी नहीं
खेलेंगे।
सहवाग ने क्या कहा?
- सहवाग ने शनिवार को एक टीवी शो के दौरान कहा- मेरे जेहन में हमेशा
इस बात का अफसोस रहेगा कि मुझे खेलते हुए रिटायरमेंट का मौका नहीं मिला।
खैर, यह भी स्पोर्ट्समैन की जिंदगी का हिस्सा है। हम खेलते वक्त कभी नहीं
सोचते कि हमारा रिटायरमेंट कैसा होगा? लेकिन जब हमें ड्रॉप कर दिया जाता है
तब हम इस बारे में सोचना शुरू कर देते हैं।
- सहवाग ने कहा कि अगर सिलेक्टर्स मुझे बता देते कि हम आपको ड्रॉप कर
रहे हैं तो मैं उनसे गुजारिश कर पाता कि मुझे दिल्ली में मेरा आखिरी टेस्ट
मैच खेलने दिया जाए ताकि मैं वहां रिटायरमेंट ले सकूं। लेकिन मुझे यह मौका
नहीं दिया गया। मैं यह पूछना चाहूंगा कि क्या देश के लिए 12-13 साल खेल
चुके किसी प्लेयर को फेयरवेल मैच का मौका मिलने का भी हक नहीं है? अगर भारत
ने पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट सीरीज और खेल ली होती तो मैं टेस्ट में 10
हजार रन पूरे कर लेता। क्योंकि 8586 रन मैं बना चुका था।
- सहवाग को बताया गया कि दिल्ली में भारत-साउथ अफ्रीका के बीच 3
दिसंबर से होने वाले टेस्ट में उन्हें फेयरवेल देने की प्लानिंग है। इस पर
उन्होंने कहा- अगर ऐसा होता है तो अच्छा होगा। अगर बीसीसीआई ऐसा न कर पाए
तो कम से कम डीडीसीए को ऐसा करना चाहिए। रिटायरमेंट लेने वाले हर प्लेयर को
फेयरवेल मिलना चाहिए।
जब सहवाग ने क्लार्क से कहा- तुम्हारी उम्र से ज्यादा सेन्चुरी सचिन ने लगाई है
सहवाग ने कहा- एक बार मैं और सचिन ऑस्ट्रेलिया में बैटिंग कर रहे थे।
माइकल क्लार्क को तब टीम में लिया ही गया था। वे बार-बार सचिन से कह रहे थे
कि तुम बूढ़े हो गए हो, फील्डिंग नहीं कर सकते। मैं क्लार्क के पास गया और
उससे उसकी उम्र पूछी। उसने कहा कि वह 23 साल का है। इस पर मैंने कहा कि
जितनी तुम्हारी उम्र है, उससे ज्यादा सेन्चुरी सचिन लगा चुके हैं।
टेस्ट में दो बार लगाई है ट्रिपल सेन्चुरी
सर डॉन ब्रेडमैन और ब्रायन लारा के बाद सहवाग दुनिया के तीसरे ऐसे
बैट्समैन हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में दो बार ट्रिपल सेंचुरी बनाने का
रिकॉर्ड बनाया। इन तीन दिग्गजों के बाद क्रिस गेल ये कारनामा करने वाले
चौथे क्रिकेटर बने। वनडे में डबल सेंचुरी लगाने वाले वे दुनिया और भारत के
दूसरे क्रिकेटर हैं। सहवाग ने इंदौर में 8 दिसंबर 2011 को वेस्ट इंडीज के
खिलाफ 219 रन की पारी खेली थी। अप्रैल 2009 में सहवाग को "विजडन लीडिंग
क्रिकेटर ऑफ द ईयर" का अवॉर्ड मिला। ये अवॉर्ड पाने वाले वे पहले इंडियन
क्रिकेटर हैं।
> सहवाग का क्रिकेट करियर...
* 251 वनडे में 8273 रन बनाए। 15 सेन्चुरी और 38 हाफ सेन्चुरी।
* 104 टेस्ट में 8586 रन बनाए। 23 सेन्चुरी और 32 हाफ सेन्चुरी।
* इसके साथ ही वीरू ने 19 टी-20 मैचों में 394 रन बनाए।
| फॉर्मेट | मैच | रन | 100 | 50 | विकेट |
| टेस्ट | 104 | 8586 | 23 | 32 | 40 |
| वनडे | 251 | 8273 | 15 | 38 | 96 |
| टी20 | 19 | 394 | 0 | 2 | 0 |